Site icon AB News.Press

CG Tourism : भुवनेश्वर में छत्तीसगढ़ पर्यटन का रोड शो… पर्यटन, संस्कृति और निवेश संभावनाओं का भव्य प्रदर्शन… पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने दिखाई विशेष रुचि

CG Tourism: Chhattisgarh Tourism roadshow in Bhubaneswar... A grand showcase of tourism, culture, and investment opportunities... Representatives from the tourism industry showed keen interest.

CG Tourism

रायपुर, 08 जून । CG Tourism : छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने सहयोगी संस्था फिक्की (FICCI) के साथ मिलकर भुवनेश्वर के मेफेयर कन्वेंशन सेंटर में भव्य पर्यटन रोड शो का आयोजन किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राचीन पुरातात्विक धरोहरों, आध्यात्मिक स्थलों, प्राकृतिक जलप्रपातों, घने वनों, वन्यजीव अभ्यारण्यों और लोक कलाओं को आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। साथ ही पर्यटन निवेश, नए पर्यटन उत्पादों और व्यावसायिक अवसरों की जानकारी भी साझा की गई।

पर्यटन उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधियों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों, ट्रैवल एजेंट्स, मीडिया प्रतिनिधियों तथा दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करना और ओडिशा तथा छत्तीसगढ़ के बीच पर्यटन सहयोग को और अधिक मजबूत बनाना था।

संयुक्त पर्यटन गतिविधियों पर दिया गया जोर

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा ने ओडिशा के पर्यटन व्यवसायियों को छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने और पर्यटक समूहों को राज्य लाने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास में निजी क्षेत्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने दोनों राज्यों के बीच संयुक्त पर्यटन गतिविधियों और आयोजनों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

पर्यटन अधोसंरचना और प्रचार-प्रसार को मिल रही नई गति

पर्यटन विभाग के सचिव श्री एस. भारती दासन ने कहा कि राज्य सरकार सतत और अनुभव-आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक सौंदर्य, जनजातीय जीवन, आध्यात्मिक पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों का अनूठा संगम मौजूद है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नई दिल्ली, कोलकाता, वडोदरा और भोपाल के बाद ओडिशा में भी छत्तीसगढ़ पर्यटन कार्यालय स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

बी-टू-बी सत्र और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद रोड शो के दौरान पर्यटन स्थलों, निवेश अवसरों और थीम आधारित पर्यटन सर्किटों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। बी-टू-बी नेटवर्किंग सत्र में ओडिशा और छत्तीसगढ़ के पर्यटन हितधारकों के बीच संयुक्त पर्यटन पैकेज, व्यवसायिक साझेदारी और प्रचार-प्रसार के नए अवसरों पर सार्थक चर्चा हुई।

पर्यटन उद्योग ने दिखाई सकारात्मक रुचि

कार्यक्रम में शामिल ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ को सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और एडवेंचर पर्यटन के लिए एक उभरते हुए आकर्षक गंतव्य के रूप में विकसित करने में रुचि दिखाई। आयोजन का समापन नेटवर्किंग डिनर के साथ हुआ, जहां पर्यटन क्षेत्र में भविष्य की साझेदारियों और सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

Exit mobile version