रायपुर, 07 जून । Housing For All : छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गिनाबहार में अटल विहार योजना के तहत क्षेत्र की पहली आधुनिक एवं सुव्यवस्थित आवासीय कॉलोनी विकसित की जाएगी। यह परियोजना गुणवत्तापूर्ण और किफायती आवास उपलब्ध कराने के साथ-साथ योजनाबद्ध शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
17.15 करोड़ की परियोजना में बनेंगे 97 आवास
परियोजना के लिए 17 करोड़ 15 लाख 71 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। लगभग 7 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली इस कॉलोनी में विभिन्न आय वर्गों के लिए कुल 97 आवास निर्मित किए जाएंगे। इनमें 91 आवास आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) के हितग्राहियों के लिए आरक्षित होंगे।
हितग्राहियों को मिलेगा अनुदान का लाभ
अटल विहार योजना के अंतर्गत पात्र ईडब्ल्यूएस हितग्राहियों को 80 हजार रुपये तथा एलआईजी वर्ग के हितग्राहियों को 40 हजार रुपये का अनुदान प्रदान किया जाएगा। भूमि भी गृह निर्माण मंडल को मात्र 1 रुपये प्रति वर्गफुट की दर से उपलब्ध कराई गई है, जिससे आवास अधिक किफायती और सुलभ बन सकेंगे।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा आवासीय परिसर
प्रस्तावित कॉलोनी में चौड़ी और सुव्यवस्थित सड़कें, समुचित जल निकासी व्यवस्था, बेहतर सुरक्षा प्रबंधन, स्वच्छ एवं हरित वातावरण सहित सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यह आवासीय परिसर आधुनिक जीवनशैली की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा।
बेहतर कनेक्टिविटी और संस्थानों के निकट मिलेगा आवास
परियोजना स्थल कुनकुरी-बगीचा मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से मात्र 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। एशिया के द्वितीय सबसे बड़े चर्च, हॉलीक्रॉस मिशन अस्पताल, लोयला स्कूल और लोयला महाविद्यालय जैसे प्रमुख संस्थान भी इसके आसपास स्थित हैं। क्षेत्र में शासकीय अस्पताल सहित अन्य सार्वजनिक संस्थानों के विकास कार्य भी प्रगति पर हैं।
क्षेत्रीय विकास और निवेश की संभावनाओं को मिलेगा बढ़ावा
आवासीय परियोजना के विकास से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और सुनियोजित शहरीकरण को गति मिलेगी। साथ ही भूमि मूल्यों में वृद्धि तथा निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में विकसित हो रही यह परियोजना स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित, आधुनिक और किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
