Site icon AB News.Press

Harit Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से ऊर्जा आत्मनिर्भरता की नई क्रांति… रायगढ़ बना अग्रणी जिला, 2,705 परिवार हुए बिजली बिल से मुक्त

Harit Chhattisgarh: A new revolution in energy self-reliance in Chhattisgarh through the Pradhan Mantri Surya Ghar Yojana... Raigarh emerges as a leading district; 2,705 families freed from electricity bills.

Harit Chhattisgarh

रायपुर, 06 जून 2026। Harit Chhattisgarh : प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना छत्तीसगढ़ में ऊर्जा आत्मनिर्भरता और हरित विकास की नई मिसाल बन रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इस अभियान में रायगढ़ जिला उल्लेखनीय सफलता हासिल कर प्रदेश का अग्रणी जिला बनकर उभरा है। जिले में अब तक 2,705 परिवारों के घरों में सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे वे अपनी बिजली जरूरतों के लिए आत्मनिर्भर बन गए हैं।

हर महीने 13.80 लाख यूनिट हरित बिजली का उत्पादन

रायगढ़ जिले में स्थापित सौर संयंत्रों की कुल क्षमता 11,504 किलोवाट से अधिक है। इन संयंत्रों से प्रतिदिन लगभग 46 हजार यूनिट तथा प्रतिमाह करीब 13.80 लाख यूनिट हरित बिजली का उत्पादन हो रहा है। इससे न केवल उपभोक्ताओं की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति हो रही है, बल्कि पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता भी लगातार कम हो रही है।

बढ़ता जनविश्वास, तेजी से बढ़ रहे आवेदन

योजना के प्रति लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। जिले में अब तक 6,701 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। केवल मई माह में ही 912 नए आवेदन मिले, जिनमें से 411 घरों में सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। वर्तमान में हर सप्ताह औसतन 228 नए आवेदन प्राप्त हो रहे हैं और 100 से अधिक घरों में नियमित रूप से सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं।

भीषण गर्मी में बिजली बिल से मिल रही राहत

गर्मी के मौसम में बिजली की बढ़ती खपत और ऊंचे बिलों के बीच प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना आम उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। योजना से जुड़े परिवार अपनी जरूरत की अधिकांश बिजली स्वयं उत्पन्न कर रहे हैं, जिससे उनका मासिक बिजली खर्च लगभग नगण्य हो गया है। इससे घरेलू बजट पर पड़ने वाला बोझ भी कम हुआ है।

सब्सिडी और आसान ऋण से बढ़ी पहुंच

योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इसके अलावा सोलर प्लांट स्थापना के लिए बैंकों के माध्यम से आसान ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे आम नागरिकों के लिए सौर ऊर्जा अपनाना अधिक सुलभ और किफायती बन गया है।

सरल ऑनलाइन प्रक्रिया से बढ़ रही भागीदारी

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना को पूरी तरह पारदर्शी और बिचौलिया-मुक्त बनाया गया है। इच्छुक नागरिक पीएम सूर्यघर पोर्टल, मोबाइल ऐप, CSPDCL की डिजिटल सेवाओं अथवा टोल-फ्री नंबर 1912 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत उपभोक्ताओं को अपनी पसंद के अधिकृत विक्रेता का चयन करने की भी सुविधा उपलब्ध है।

हरित भविष्य की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के माध्यम से रायगढ़ सहित पूरा छत्तीसगढ़ स्वच्छ, हरित और ऊर्जा आत्मनिर्भर भविष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। सौर ऊर्जा का बढ़ता उपयोग न केवल पर्यावरण संरक्षण को मजबूती दे रहा है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी जमीनी स्तर पर साकार कर रहा है।

Exit mobile version