BCCI Decision : 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के लिए BCCI का बड़ा फैसला…! इंग्लैंड दौरे पर अकेले नहीं जाएंगे वैभव…परिवार रहेगा साथ

BCCI Decision : 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के लिए BCCI का बड़ा फैसला…! इंग्लैंड दौरे पर अकेले नहीं जाएंगे वैभव…परिवार रहेगा साथ

नई दिल्ली, 07 जून। BCCI Decision : भारतीय क्रिकेट में 15 साल की उम्र में टीम इंडिया तक पहुंचना किसी सपने से कम नहीं माना जाता। लेकिन युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की कहानी सिर्फ रिकॉर्ड, रन और अवॉर्ड्स तक सीमित नहीं है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस नाबालिग खिलाड़ी के लिए एक ऐसा खास फैसला लिया है, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान खींच लिया है। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुने गए वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड दौरे पर अपने माता-पिता के साथ जा सकेंगे। BCCI ने विशेष अनुमति देते हुए कहा है कि विदेशी माहौल और सीनियर टीम के दबाव में युवा खिलाड़ी को सहज महसूस कराने के लिए यह कदम उठाया गया है।

BCCI बोला- वैभव अभी बच्चा है

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि वैभव अभी नाबालिग हैं और अब तक अपनी उम्र के खिलाड़ियों के साथ ही यात्रा करते रहे हैं। लेकिन सीनियर भारतीय टीम का माहौल पूरी तरह अलग होगा। ऐसे में बोर्ड ने फैसला किया कि उनके माता-पिता या परिवार का कोई सदस्य उनके साथ रह सकता है। सैकिया के मुताबिक, इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का दबाव संभालना आसान नहीं होता। हमें लगा कि परिवार का साथ वैभव के लिए बेहतर रहेगा।

श्रीलंका से इंग्लैंड तक परिवार रहेगा साथ

फिलहाल वैभव सूर्यवंशी श्रीलंका में इंडिया-ए टीम के साथ त्रिकोणीय सीरीज खेल रहे हैं। जानकारी के अनुसार उनके पिता भी जल्द वहां पहुंचने वाले हैं। BCCI ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि परिवार इंग्लैंड दौरे पर भी साथ जाना चाहता है तो बोर्ड हर संभव सहयोग करेगा।

2026 में छा गए वैभव सूर्यवंशी

वैभव के लिए साल 2026 बेहद शानदार रहा है। उन्होंने अंडर-19 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर भारत को खिताब दिलाया। इसके बाद IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 16 मैचों में 776 रन ठोक दिए। 237.30 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट के साथ उन्होंने ऑरेंज कैप और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर जैसे बड़े पुरस्कार भी अपने नाम किए।

चयनकर्ताओं को करना पड़ा मजबूरन चयन

मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने स्वीकार किया कि वैभव ने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को उन्हें टीम में शामिल करने के लिए मजबूर कर दिया। अगरकर ने कहा, इतनी कम उम्र में जिस तरह वह दबाव वाले मुकाबलों में खेल रहा है, वह असाधारण है। उसमें मैच का रुख बदलने की क्षमता है। अब क्रिकेट फैंस की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया के लिए मैदान पर उतरकर एक और नया इतिहास रच पाएंगे।
Cricket