नई दिल्ली, 6जून। Cockroach Janata Party: कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपना पहला बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान हजारों समर्थक मौके पर जुटे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के मुताबिक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह 7:45 बजे अमेरिका से दिल्ली पहुंचे। वे करीब एक घंटे बाद एयरपोर्ट से बाहर आए। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुस्तक हाथ में लेकर समर्थकों का अभिवादन किया।
जंतर-मंतर पर आयोजित यह प्रदर्शन NEET-UG पेपर लीक, CBSE, CUET और SSC-GD समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और गड़बड़ियों के विरोध में किया गया। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रही परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों के लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए
प्रदर्शन को लेकर CJP ने समर्थकों के लिए विशेष गाइडलाइन भी जारी की थी। इसमें प्रतिभागियों से सनस्क्रीन लगाकर आने, नाश्ता करके पहुंचने, हाथ में तिरंगा, फूल और किताब लेकर शामिल होने समेत आठ महत्वपूर्ण अपीलें की गई थीं। जंतर-मंतर पर हुए इस प्रदर्शन ने शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।
