रायपुर, 06 जून। World Environment Day के अवसर पर विकासखंड राजनांदगांव के ग्राम मुड़पार में विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया। ग्रामसभा में प्रभारी सचिव श्री अविनाश चम्पावत ने ग्रामीणों के साथ संवाद कर विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की तथा पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह एवं राज्य सलाहकार अभिलाषा आनंद भी उपस्थित रहीं।
पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता पर हुई विस्तृत चर्चा
ग्रामसभा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026, कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण, स्वच्छता और सतत ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी सचिव श्री चम्पावत ने ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने, नालियों पर सुरक्षा जाल एवं ढक्कन लगाने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित ग्राम वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
सौर ऊर्जा अपनाने का किया गया आह्वान
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग बिजली खर्च कम करने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने ग्रामीणों से योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
कचरा पृथक्करण और पुनर्चक्रण पर दिया गया मार्गदर्शन
राज्य सलाहकार अभिलाषा आनंद ने स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, पुनर्चक्रण और उसके पर्यावरणीय एवं आर्थिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने और प्रत्येक नागरिक को इसमें सहभागी बनने का संदेश दिया। जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने भी विभिन्न विकास योजनाओं और आगामी कार्यों की जानकारी ग्रामीणों को दी।
स्वच्छ और हरित ग्राम बनाने का लिया संकल्प
ग्रामसभा में उपस्थित ग्रामीणों ने गांव को स्वच्छ, हरित और आदर्श ग्राम बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत सीईओ श्री मनीष साहू, सहायक कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा) श्री फैज मेमन, जिला समन्वयक डॉ. छोटेलाल साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

