रायपुर, 6जून। Fake PUMA Footwear: राजधानी रायपुर में अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स ब्रांड PUMA के नाम पर कथित तौर पर नकली फुटवियर बेचने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो दुकानों पर छापेमारी की और बड़ी मात्रा में संदिग्ध फुटवियर जब्त किए हैं। मामले में दो कारोबारियों के खिलाफ कॉपीराइट और ट्रेडमार्क उल्लंघन के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, PUMA कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि गौरव श्रीवास्तव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि माना क्षेत्र में कुछ व्यापारी कंपनी के लोगो और डिजाइन की नकल कर तैयार किए गए जूते-चप्पल बेच रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने माना इलाके स्थित राज फुटवियर और कलकत्ता बूट हाउस में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान राज फुटवियर के संचालक राहुल नेभानी और कलकत्ता बूट हाउस के संचालक मोहम्मद खुस्तर की दुकानों से PUMA ब्रांड से मिलते-जुलते लोगो और डिजाइन वाले कुल 618 जोड़ी फुटवियर बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में जब्त किए गए उत्पादों को डुप्लीकेट और अनधिकृत बताया गया है। पुलिस ने सभी फुटवियर जब्त कर दोनों कारोबारियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली फुटवियर कहां से मंगाए गए थे और इसके पीछे कोई बड़ा सप्लाई नेटवर्क सक्रिय तो नहीं है। अधिकारियों द्वारा जब्त सामग्री के दस्तावेजों और तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी प्रतिष्ठित ब्रांड के नाम, लोगो या डिजाइन की नकल कर उपभोक्ताओं को भ्रमित करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में कॉपीराइट और ट्रेडमार्क कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई का प्रावधान है। फिलहाल माना थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

