Site icon AB News.Press

रायपुर में गांजा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई…दो आरोपी गिरफ्तार

As part of the ongoing anti-drug campaign in the capital, the Khamtarai police station has taken a major action and arrested two accused who were carrying a consignment of marijuana to sell.

रायपुर, 6 जून। राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खमतराई थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा की खेप लेकर बिक्री करने पहुंचे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 40 ग्राम गांजा, दो वाहन और मोबाइल फोन समेत करीब 1.80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति सफेद रंग की एक्टिवा में गांजा लेकर मेटल पार्क रोड, रावांभाठा क्षेत्र में बिक्री करने आने वाला है।

सूचना के आधार पर खमतराई थाना पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और जांच की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महेन्द्र कुमार ध्रुव (44 वर्ष) निवासी बीरगांव, रायपुर बताया। वाहन की तलाशी लेने पर एक्टिवा की डिक्की से सेलोटेप में लिपटा पैकेट बरामद हुआ। जांच में पैकेट के भीतर 2 किलो 40 ग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह गांजा सरायपाली क्षेत्र से लेकर आया था और रायपुर में इसे सुधांशु उर्फ शुभम अवधिया (22 वर्ष) को सप्लाई करने वाला था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से गांजा, परिवहन में इस्तेमाल किए गए वाहन और मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। मामले में थाना खमतराई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Exit mobile version