बिलासपुर, 6जून। NEET पेपर लीक के विरोध में NSUI द्वारा किए गए प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। 3 जून को हुए इस विरोध-प्रदर्शन को लेकर सिविल लाइन थाना पुलिस ने NSUI के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की है। जिन नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है उनमें NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे और विधायक देवेंद्र यादव शामिल हैं।
इसके अलावा स्थानीय स्तर पर शहर अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, रंजीत सिंह और लकी मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ताओं पर भी केस दर्ज किया गया है।
बलवा और रास्ता रोकने के आरोप
पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने, आम जनता का रास्ता रोकने और हुड़दंग करने के आरोप लगे हैं। इसी आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 126(2), 190, 191(2), 292 और 293 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इन धाराओं के तहत बलवा, सरकारी कार्य में बाधा और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
राजनीतिक हलचल तेज
इस कार्रवाई के बाद बिलासपुर की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मामले को लेकर छात्र संगठन और राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी भी शुरू हो सकती है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
