Mahtari Vandan Scheme : CM विष्णुदेव साय ने महिलाओं को दिया बड़ा तोहफा…! जारी हुई नई किस्त…दूरस्थ इलाकों से जोड़े गए 7770 नए नाम

Mahtari Vandan Scheme
रायपुर, 05 जून। Mahtari Vandan Scheme : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी कर दी। इस दौरान प्रदेश की 68 लाख 54 हजार महिलाओं के बैंक खातों में 642 करोड़ 27 लाख 77 हजार 950 रुपये की राशि अंतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को सिर्फ आर्थिक सहायता ही नहीं दे रही, बल्कि उनके आत्मविश्वास और सामाजिक भागीदारी को भी मजबूत कर रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि किसी भी राज्य का विकास तब तक अधूरा है, जब तक महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत नहीं बनाया जाता। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रदेश की माताओं और बहनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का आधार बन रही है।
गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से शुरू की गई थी। इसके तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। महिलाएं इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, पोषण और छोटे स्वरोजगार कार्यों में कर रही हैं।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक जून 2026 में जारी 28वीं किस्त के साथ अब तक महिलाओं को कुल 18 हजार 165 करोड़ 19 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि दी जा चुकी है। इससे लाखों परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
