रायगढ़, 5जून। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ शहर का दौरा कर विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सिंदूर पार्क, मिनी स्टेडियम, पंचतत्व गार्डन, जूटमिल हाउसिंग बोर्ड, मिट्ठूमुड़ा सामुदायिक भवन तथा फरहामुड़ा तालाब सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय में पूर्ण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर ओपी चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार रायगढ़ के सुनियोजित एवं समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शहर में विकसित किए जा रहे पार्क, खेल परिसर, सामुदायिक भवन और जल संरक्षण से जुड़ी परियोजनाएं नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। साथ ही, इन विकास कार्यों से रायगढ़ को एक आधुनिक और सुविधासंपन्न शहर के रूप में नई पहचान मिलेगी।
वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंत्री को परियोजनाओं की प्रगति, आगामी कार्ययोजना और निर्माण संबंधी अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। मंत्री ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

