रायपुर, 4 जून। CG Elections: छत्तीसगढ़ में 1 जून को हुए त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकायों के आम एवं उपचुनावों की मतगणना के बीच कई महत्वपूर्ण परिणाम सामने आ चुके हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की निगरानी में जारी मतगणना में नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, जनपद सदस्य, सरपंच और पंच समेत कुल 1310 रिक्त पदों के लिए हुए चुनाव के नतीजे घोषित किए जा रहे हैं।
नगरीय निकाय चुनाव में पांच नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए हुए मुकाबले में भारतीय जनता पार्टी ने तीन सीटों पर जीत दर्ज कर बढ़त बनाई, जबकि कांग्रेस दो सीटों पर विजय हासिल करने में सफल रही। नवगठित नगर पंचायतों घुमका, बम्हनीडीह, शिवानंदनपुर और पलारी के परिणामों पर विशेष नजर रही।
कवर्धा जिले की सहसपुर लोहारा नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने 754 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। वहीं राजनांदगांव जिले की नवगठित घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा ने 85 वोटों से जीत हासिल की। घुमका के 15 वार्डों में भाजपा ने 11, कांग्रेस ने 3 और एक निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की।
जांजगीर-चांपा जिले की बम्हनीडीह नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी रमेश डडसेना अध्यक्ष निर्वाचित हुए। यहां 11 वार्डों में भाजपा, 3 में कांग्रेस तथा एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहा। सूरजपुर जिले की शिवानंदनपुर नगर पंचायत में भाजपा समर्थित प्रत्याशी रितेश जायसवाल ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। हालांकि वार्ड चुनाव में कांग्रेस को 8 और भाजपा को 7 सीटें मिलीं।
बालोद जिले की पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश कुमार अध्यक्ष चुने गए। यहां 9 वार्डों में कांग्रेस और 5 वार्डों में भाजपा ने जीत हासिल की, जबकि एक वार्ड में दोनों प्रत्याशियों को बराबर मत मिलने के कारण फैसला टॉस से किया जाएगा।
अन्य नगरीय निकाय उपचुनावों में जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी पार्षद निर्वाचित हुए। बिलासपुर नगर निगम के संजय गांधी नगर वार्ड में कांग्रेस के शेख आज़म ने जीत दर्ज की। वहीं जशपुर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 8 और 14 में भाजपा प्रत्याशी प्रेमलता साहू और प्रिया सिंह विजयी रहीं।
पंचायत उपचुनावों में 10 जनपद पंचायत सदस्य, 34 सरपंच और 107 पंच पदों के लिए मतदान कराया गया था। विभिन्न क्षेत्रों में कड़े मुकाबले के बाद परिणाम घोषित किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि 1 जून को हुए मतदान में नगरीय निकाय क्षेत्रों में 84.58 प्रतिशत तथा पंचायत क्षेत्रों में 78.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। राज्य निर्वाचन आयोग ने पूरी चुनावी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफल बताया हैं|

