प्रधानमंत्री पर कथित अभद्र टिप्पणी करने वाले शिक्षक के खिलाफ शिकायत…कार्रवाई की मांग

प्रधानमंत्री पर कथित अभद्र टिप्पणी करने वाले शिक्षक के खिलाफ शिकायत…कार्रवाई की मांग

बलौदाबाजार, 3जून| बलौदाबाजार जिले में पदस्थ एक शिक्षक द्वारा सोशल मीडिया मंच पर देश के प्रधानमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के संबंध में कथित रूप से अभद्र टिप्पणियाँ किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शिक्षक के विरुद्ध स्कूल शिक्षा विभाग तथा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व से शिकायत कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलौदाबाजार जिले में पदस्थ शिक्षक रामकुमार यादव, जो वर्तमान में संकुल समन्वयक के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं, पर आरोप है कि उन्होंने “शिक्षक विचार मंच” नामक व्हाट्सएप समूह में लंबे समय से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारतीय जनता पार्टी तथा विभिन्न भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के संबंध में आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणियाँ की हैं।

मामले की शिकायत भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दुर्गेश कुमार द्वारा संयुक्त संचालक, स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक द्वारा विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों के दौरान भी लगातार राजनीतिक टिप्पणियाँ की जाती रही हैं, जिनमें प्रधानमंत्री एवं भाजपा के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया।

शिकायतकर्ता ने कहा है कि शिक्षक समाज में आदर्श एवं मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं। ऐसे में किसी शिक्षक द्वारा सार्वजनिक मंच पर अशोभनीय भाषा का उपयोग करना न केवल शिक्षक समुदाय की गरिमा को प्रभावित करता है, बल्कि विद्यार्थियों और समाज के समक्ष भी गलत संदेश प्रस्तुत करता है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट शिकायत के साथ संलग्न किए गए हैं। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध विभागीय स्तर पर कठोर कार्रवाई की मांग की है वही शिकायत की प्रतिलिपि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह को भी भेजी गई है।

 

राज्य खबर