पटना के खान सर कोचिंग पर हमला…सीसीटीवी फुटेज में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी कैद

पटना के खान सर कोचिंग पर हमला…सीसीटीवी फुटेज में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी कैद

पटना, 3जून| पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान में हुई घटना को लेकर सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग कोचिंग सेंटर के बाहर पत्थरबाजी और तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

यह घटना मंगलवार रात करीब 10:10 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि इस दौरान कोचिंग संस्थान के एक सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट भी की गई, जिसमें वह घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। सीसीटीवी फुटेज में पहले कुछ लोगों के मौके पर पहुंचने और फिर भीड़ बढ़ने के बाद स्थिति बिगड़ने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय कोचिंग सेंटर के अंदर एक कार्यक्रम चल रहा था। आरोप यह भी है कि हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम दिया, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि शामिल लोग छात्र थे या बाहरी तत्व।

इस मामले में पुलिस जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। वहीं, दूसरी ओर खान सर की ओर से आरोप लगाया गया है कि यह हमला बगल वाले कोचिंग संस्थान से जुड़ी साजिश के तहत कराया गया।

 

Breaking News