Mobile Blast : छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसा…! मोबाइल की बैटरी फटने से एक साल के बच्चे की दर्दनाक मौत
Shubhra Nandi
Mobile Blast
सूरजपुर, 03 जून। Mobile Blast : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। खेलते समय खराब मोबाइल की बैटरी ब्लास्ट होने से एक साल का मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव की है।
जानकारी के मुताबिक, ब्रह्मपुर निवासी महेंद्र सिंह नेताम का एक साल का बेटा आदित्य सिंह 31 मई की शाम घर के बाहर दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों में से कोई पुरानी और खराब मोबाइल बैटरी लेकर आ गया। खेल-खेल में अचानक बैटरी में जोरदार धमाका हो गया।
हादसे के समय मां घर के पास भरने गई थी पानी
धमाका इतना तेज था कि पास में खेल रहे दो बच्चे भाग निकले, लेकिन मासूम आदित्य उसकी चपेट में आ गया। हादसे में बच्चे का चेहरा, सीना, पेट और हाथ बुरी तरह झुलस गए। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बच्चे की मां घर के पास नल से पानी भरने गई थी। धमाके की आवाज सुनते ही वह दौड़कर मौके पर पहुंची, जहां आदित्य गंभीर हालत में मिला।
इलाज के दौरान मासूम ने तोड़ा दम
रात करीब 9 बजे पिता महेंद्र सिंह काम से घर लौटे, जिसके (Mobile Blast) बाद बच्चे को तुरंत प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर किया। हालत गंभीर होने पर बाद में उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।