रायपुर, 3जून। CG Bord: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा में असफल रहे या अपने अंक सुधारना चाहने वाले विद्यार्थियों के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है।
बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षाएं 8 जुलाई से 22 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएंगी। वहीं 10वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षाएं 9 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक चलेंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक एक ही पाली में संपन्न होंगी।
बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे विषयवार परीक्षा कार्यक्रम और अन्य जरूरी जानकारी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त करें। परीक्षा कार्यक्रम में स्पष्ट किया गया है कि यदि परीक्षा अवधि के दौरान कोई सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित होता है, तब भी परीक्षाएं निर्धारित तिथियों पर ही आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा प्राइवेट परीक्षार्थियों को अपनी प्रायोगिक एवं प्रोजेक्ट परीक्षाओं की जानकारी के लिए संबंधित परीक्षा केंद्रों से नियमित संपर्क बनाए रखने को कहा गया है। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर प्रैक्टिकल परीक्षाएं अवकाश के दिनों में भी आयोजित की जा सकती हैं।

