रायपुर, 02 जून। Hasdeo Express : रायपुर से कोरबा के बीच सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। रेलवे प्रशासन ने लंबे समय से उठ रही मांग को देखते हुए हसदेव एक्सप्रेस को अब प्रतिदिन चलाने का फैसला लिया है। इस निर्णय के बाद यात्रियों को सप्ताह के सातों दिन ट्रेन सुविधा मिल सकेगी।
रेलवे के अनुसार वर्तमान में गाड़ी संख्या 18249-18250 और 18251-18252 हसदेव एक्सप्रेस अलग-अलग दिनों में संचालित की जाती थी, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
अब एकीकृत होकर रोज चलेगी ट्रेन
रेलवे ने दोनों सेवाओं को मिलाकर एक ही नियमित सेवा के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 1 अगस्त 2026 से रायपुर-कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस प्रतिदिन चलाई जाएगी।
इस फैसले के बाद यात्रियों को अब किसी खास दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और यात्रा की योजना बनाना भी पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा।
आधुनिक LHB कोचों से मिलेगा आरामदायक सफर
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन का संचालन 15 आधुनिक एलएचबी (LHB) कोचों के साथ किया जाएगा। ये कोच सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से बेहतर माने जाते हैं, जिससे यात्रियों को ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
इन शहरों के यात्रियों को होगा सीधा फायदा
रेलवे का मानना है कि इस फैसले से रायपुर, बिलासपुर, चांपा, कोरबा समेत मार्ग के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों के यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। रोजाना यात्रा करने वाले कर्मचारियों, छात्रों और व्यापारियों के लिए यह फैसला बेहद राहतभरा साबित हो सकता है।
