बीजापुर, 2जून। Sushasan Tihar: सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को बीजापुर जिले के कोंडपल्ली गांव पहुंचे। यह वही गांव है, जहां कभी नक्सलियों की जनअदालतें लगती थीं, लेकिन अब यहां मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के बीच जनचौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों पर चर्चा की।
गांव पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने इमली के पेड़ की छांव में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। जनचौपाल में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने क्षेत्र की जरूरतों और विकास से जुड़े मुद्दों को सामने रखा। ग्रामीणों ने बताया कि पहले नक्सल प्रभाव के कारण क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से दूर था, लेकिन अब सड़क, बिजली, शिक्षा, आंगनबाड़ी और पेयजल जैसी सुविधाएं गांवों तक पहुंचने लगी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक नक्सल हिंसा के कारण आदिवासी अंचलों का विकास प्रभावित रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए गए हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभाव कम होने के साथ ही विकास कार्यों को गति मिली है और सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि बीजापुर सहित बस्तर क्षेत्र के विकास और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

