Big Announcement: फाजिलनगर बनेगा ‘पावागढ़’…कुशीनगर से सीएम योगी की बड़ी घोषणा

Big Announcement: फाजिलनगर बनेगा ‘पावागढ़’…कुशीनगर से सीएम योगी की बड़ी घोषणा

कुशीनगर, 2जून।Big Announcement:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर दौरे के दौरान प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कभी अपराध और अराजकता का माहौल था, लेकिन आज राज्य विकास और सुशासन की नई पहचान बना चुका है। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश को नई दिशा देने का काम किया है।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब प्रदेश के लोगों को बिजली, सड़क, पानी और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ता था। अपराधी और माफिया व्यवस्था पर हावी थे, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई कर कानून का राज स्थापित किया है।

सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढांचे और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम किया है। इसका लाभ प्रदेश के दूरदराज इलाकों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर लगातार बढ़ाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फाजिलनगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि नया नाम क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक महत्व को नई पहचान देगा। साथ ही इसे पर्यटन और आध्यात्मिक दृष्टि से भी विकसित किया जाएगा।

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल विकास के मुद्दों से दूर रहकर केवल सत्ता की राजनीति करते हैं, जबकि उनकी सरकार जनता के हितों और प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश आने वाले वर्षों में देश की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं वाले राज्यों में शामिल होगा और विकास की रफ्तार लगातार तेज होती जाएगी।

National