कांकेर, 2जून। कांकेर जिले में एक साल पुराने मौत के मामले ने ऐसा मोड़ लिया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। जिस घटना को शुरुआत में हादसा या आत्महत्या माना जा रहा था, वह दरअसल एक सुनियोजित हत्या निकली। पुलिस की दोबारा जांच में खुलासा हुआ है कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।
जानकारी के अनुसार, मृतक मुकेश विश्वास को आरोपियों ने बहाने से खेत स्थित झोपड़ी में बुलाया। वहां उसे जमकर शराब पिलाई गई। जब वह पूरी तरह बेसुध हो गया, तब आरोपियों ने बिजली के तार से करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद मामले को सामान्य मौत का रूप देने की कोशिश की गई ताकि किसी को शक न हो।
मामले की पुनः जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले। साइबर जांच में मृतक की पत्नी सरस्वती विश्वास और उसके प्रेमी इन्द्रजीत दास के बीच लगातार संपर्क के प्रमाण सामने आए। इसके बाद पुलिस का शक गहराया और तकनीकी साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
जांच में यह भी सामने आया कि सरस्वती और इन्द्रजीत के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। मृतक मुकेश को इस संबंध की जानकारी हो गई थी और वह तलाक लेने की तैयारी कर रहा था। इसी वजह से उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।
पुलिस ने मामले में पत्नी, उसके प्रेमी और दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल बिजली का तार, मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण सबूत भी बरामद कर लिए गए हैं।
