रायपुर, 2जून। Water Crisis: जोन-8 अंतर्गत पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड क्रमांक-2 की एकता कॉलोनी में पिछले 10 दिनों से पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल संकट से परेशान कॉलोनीवासियों ने नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी से शिकायत कर समस्या के त्वरित समाधान की मांग की।
रहवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के दौरान पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद से कॉलोनी में नियमित पानी की आपूर्ति बंद हो गई है। भीषण गर्मी के बीच पानी नहीं मिलने से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। पीने के पानी से लेकर घरेलू उपयोग तक की जरूरतों के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि अधिकांश परिवार रोज कमाने-खाने वाले हैं और पानी की समस्या के कारण उन्हें अपने कामकाज पर भी असर झेलना पड़ रहा है। कई लोगों ने कहा कि पानी की व्यवस्था करने में ही उनका काफी समय और श्रम खर्च हो रहा है।
शिकायत मिलने के बाद नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने जोन-8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल से चर्चा कर समस्या के संबंध में जानकारी ली। निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य कर रही एससीजी कंपनी की खुदाई के दौरान कई स्थानों पर पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है। पाइपलाइन में लीकेज और मिट्टी भराव के कारण जल आपूर्ति बाधित हुई है।
आकाश तिवारी ने निगम अधिकारियों से शीघ्र मरम्मत कार्य कर पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में नागरिकों के लिए पेयजल सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है और इस समस्या का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए।
