Site icon AB News.Press

Bihan Yojana से बदली तकदीर… पशुपालन और सब्जी बाड़ी से ‘लखपति दीदी’ बनीं निधि तिवारी… ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही राज्य सरकार की योजनाएं

Destiny Transformed by the Bihan Yojana... Nidhi Tiwari Becomes a ‘Lakhpati Didi’ Through Animal Husbandry and Vegetable Farming... State Government Schemes Are Empowering Rural Women to Become Self-Reliant.

Bihan Yojana

रायपुर, 01 जून।Bihan Yojana : छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बन रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी प्रयास का परिणाम है कि गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के ग्राम अमरपुर की निधि तिवारी आज ‘लखपति दीदी’ के रूप में नई पहचान बना चुकी हैं। साधारण ग्रामीण परिवार से आने वाली निधि तिवारी ने वर्ष 2023 में बिहान योजना के तहत दीप महिला स्व-सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाया। वे समूह की सक्रिय सदस्य होने के साथ-साथ अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रही हैं।

पशुपालन से मिली नियमित आय

समूह से जुड़ने के तीन महीने बाद निधि को बिहान योजना के तहत चक्रीय निधि (आरएफ) से 10 हजार रुपये की सहायता मिली। इस राशि से उन्होंने जर्सी नस्ल की गाय खरीदी और पशुपालन शुरू किया। उनकी गाय प्रतिदिन लगभग 15 लीटर दूध देती है, जिससे नियमित आय का मजबूत जरिया बना।

सब्जी बाड़ी से बढ़ी कमाई

निधि की मेहनत और लगन को देखते हुए उन्हें बाद में सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) के तहत 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली। अपनी बचत जोड़कर उन्होंने सब्जी बाड़ी का कार्य शुरू किया। मौसम के अनुसार विभिन्न सब्जियों की खेती कर वे लगातार बेहतर आय अर्जित कर रही हैं।

मार्च माह में उन्होंने टमाटर की फसल लगाई, जिसे अब स्थानीय बाजार में लगभग 40 रुपये प्रति किलो की दर से बेच रही हैं। पशुपालन और सब्जी उत्पादन से उनकी वार्षिक आय लगभग ढाई लाख रुपये तक पहुंच गई है।

आत्मनिर्भरता की नई मिसाल

निधि तिवारी का कहना है कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। अब वे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ अपने सपनों को भी पूरा कर रही हैं। उन्होंने राज्य सरकार और बिहान मिशन को इस सफलता का श्रेय दिया।

कलेक्टर ने किया कार्यों का अवलोकन

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन स्वयं निधि के कार्यस्थल पहुंचे और पशुपालन एवं सब्जी बाड़ी का अवलोकन किया। उन्होंने निधि की मेहनत और आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए कहा कि बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने भी कहा कि बिहान योजना महिलाओं के लिए नई उम्मीद और आत्मविश्वास का माध्यम बनी है। निधि तिवारी की सफलता यह दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन, सरकारी सहयोग और मेहनत से ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर आर्थिक समृद्धि की नई कहानी लिख सकती हैं।

Exit mobile version