Site icon AB News.Press

बेमेतरा सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अव्यवस्था पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह नाराज…प्रशासन को लगाई फटकार

Assembly Speaker Raman Singh expressed his displeasure with the district administration over the chaos during the Chief Minister's Kanya Vivah program held in Bemetara district. A video of the event has surfaced, in which he is seen reprimanding officials

Bemetara mass marriage

बेमेतरा, 1 जून। बेमेतरा जिले में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था को लेकर विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने जिला प्रशासन पर नाराजगी जाहिर की। कार्यक्रम का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे मंच से माइक पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और दोनों उपमुख्यमंत्री मौजूद थे, लेकिन उनकी गरिमा के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं की गईं। उन्होंने कलेक्टर और एसपी को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का पीछे से स्वागत किया जाना उचित नहीं है और प्रशासन को इस तरह की स्थिति से बचना चाहिए था।

उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन ढाई घंटे के भीतर भी कार्यक्रम के लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर पाया। अपने 15 वर्षों के मुख्यमंत्री कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने आज तक किसी सरकारी कार्यक्रम में ऐसी अव्यवस्था नहीं देखी।

सामूहिक विवाह में विधायक ने लिए सात फेरे

रविवार को बेमेतरा शहर के बेसिक स्कूल ग्राउंड में मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने तरुणा साहू के साथ सामूहिक विवाह समारोह में सात फेरे लिए। उनके साथ 23 अन्य जोड़ों का भी विवाह संपन्न हुआ।

बताया जा रहा है कि प्रदेश में यह पहला अवसर है जब किसी विधायक ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विवाह किया हो। विधायक की बारात बैलगाड़ी से आयोजन स्थल तक पहुंची। उपमुख्यमंत्री अरुण साव स्वयं बैलगाड़ी हांकते नजर आए। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

Exit mobile version