कोरबा, 1जून। कोरबा जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां नया मोबाइल फोन दिलाने की जिद पूरी नहीं होने पर एक मासूम बच्ची नाराज होकर पेड़ पर चढ़ गई। बच्ची को नीचे उतारने के लिए परिवार के लोग काफी देर तक समझाइश देते रहे, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।
घटना की जानकारी फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। बच्ची के पेड़ पर चढ़े रहने से ग्रामीणों और परिजनों की चिंता बढ़ गई। सभी को इस बात का डर था कि कहीं कोई अनहोनी न हो जाए।
स्थिति को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मामले को संवेदनशीलता के साथ संभाला। पुलिसकर्मियों ने बच्ची पर किसी तरह का दबाव बनाने के बजाय उससे दोस्ताना अंदाज में बातचीत शुरू की। धैर्य और समझदारी के साथ उसे समझाया गया तथा भरोसा दिलाया गया कि उसकी बात सुनी जाएगी।
काफी देर तक चली समझाइश के बाद बच्ची सुरक्षित पेड़ से नीचे उतर आई। बच्ची के नीचे आते ही परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि यदि जल्दबाजी या सख्ती दिखाई जाती तो स्थिति बिगड़ सकती थी। पुलिस की सूझबूझ और मानवीय व्यवहार ने संभावित हादसे को टाल दिया।

