ग्वालियर, 1जून| ग्वालियर से इंदौर जा रही एक स्लीपर वीडियोकोच बस रविवार रात आगरा–मुंबई नेशनल हाईवे पर पनिहार रेलवे स्टेशन के पास अचानक आग की चपेट में आ गई। बस में उस समय करीब 45 यात्री सवार थे। हादसे के बाद कुछ ही मिनटों में बस से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बस रात करीब 10 बजे ग्वालियर से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही यह पनिहार के पास हाईवे पर पहुंची, अचानक इंजन और पीछे के हिस्से से धुआं निकलने लगा, जो देखते ही देखते भीषण आग में बदल गया।
बस स्टाफ की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
स्थिति को गंभीर देखते हुए ड्राइवर और कंडक्टर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। धुआं तेजी से फैलने के कारण कुछ यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही मिनटों में सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सूचना मिलते ही पनिहार थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनज़र कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी रोकना पड़ा। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका
पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, बस में हुए नुकसान और आग के वास्तविक कारण की विस्तृत जांच जारी है।

