जगदलपुर,30मई। CGPSC Mains Exam: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा-2025 को लेकर बस्तर जिले में प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को नकलमुक्त, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जगदलपुर स्थित पीजी कॉलेज धरमपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां जिले के 181 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार परीक्षा केंद्र के भीतर अभ्यर्थियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी मोबाइल फोन केंद्राध्यक्ष के पास जमा कराए जाएंगे। किसी भी आपात स्थिति में केवल लैंडलाइन फोन का उपयोग किया जा सकेगा।
अधिकारियों ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को रोकने और परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। परीक्षा केंद्र में निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
CGPSC मुख्य परीक्षा 6 जून से 9 जून तक आयोजित होगी। पहले दिन भाषा एवं निबंध का प्रश्नपत्र होगा। 7 जून को सामान्य अध्ययन-1 और 2, 8 जून को सामान्य अध्ययन-3 और 4 तथा 9 जून को सामान्य अध्ययन-5 की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। हालांकि अंतिम दिन केवल एक पाली में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
प्रश्नपत्रों और उत्तरपुस्तिकाओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। प्रश्नपत्रों को स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा, जबकि उत्तरपुस्तिकाओं को परीक्षा समाप्ति के बाद सीलबंद कर कड़ी सुरक्षा के बीच रायपुर स्थित लोक सेवा आयोग कार्यालय भेजा जाएगा। इसके लिए विशेष वाहन और सुरक्षा बल की तैनाती की गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की विशेष ड्यूटी भी लगाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित, व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

