Site icon AB News.Press

Mango Festival : आमों की बहार… कृषि विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव कल से… आम की 250 से अधिक किस्में होंगी प्रदर्शित

Mango Festival: A Celebration of Mangoes... Three-Day National Mango Festival Begins Tomorrow at the Agricultural University... Over 250 Varieties of Mangoes to be Displayed.

Mango Festival

रायपुर, 29 मई। Mango Festival : इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में 29 से 31 मई 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी तथा प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में देशी-विदेशी आमों की 250 से अधिक किस्में आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

महोत्सव का शुभारंभ 29 मई को अपरान्ह 4 बजे राज्यपाल श्री रमेन डेका करेंगे। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय करेंगे। कृषि मंत्री रामविचार नेताम, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और कृषि विशेषज्ञ कार्यक्रम में शामिल होंगे।

देशी-विदेशी आमों की अनोखी प्रदर्शनी

महोत्सव में दशहरी, लंगड़ा, केसर, अलफांसो, हिमसागर, फजली, नीलम, तोतापरी जैसी लोकप्रिय किस्मों के साथ मियाजाकी, टॉमी एटकिंस और गोल्डन नगेट्स जैसी विदेशी किस्में भी प्रदर्शित की जाएंगी।इसके अलावा मल्लिका, आम्रपाली, पूसा अरुणिमा, सिंधु और अर्का पुनीत जैसी संकर किस्मों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।

आम आधारित प्रतियोगिताओं की रहेगी धूम

तीन दिवसीय आयोजन में आम से बने व्यंजनों, आम सजावट, मैंगो क्विज, फैंसी ड्रेस, मॉडल एवं बोनसाई प्रतियोगिता जैसी कई आकर्षक गतिविधियां होंगी। प्रतिभागी आम से बने पना, आमरस, अचार, चटनी, जैम, मिठाई, आम पापड़ और अन्य उत्पादों के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगे। विद्यालय और महाविद्यालय के विद्यार्थी, महिलाएं और आमजन भी इन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं।

आम की गुठलियों के बदले मिलेगा पौधा

प्रकृति की ओर सोसायटी की ओर से विशेष पहल के तहत 11 आम की गुठलियां लाने वाले लोगों को उन्नत किस्म का आम पौधा निःशुल्क दिया जाएगा। प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा राय आम से बनने वाले विशेष व्यंजन तैयार करना भी सिखाएंगी।

तकनीकी सत्रों में मिलेगा विशेषज्ञ मार्गदर्शन

30 मई को “आम उत्पादन : समस्या एवं समाधान” विषय पर तकनीकी परिचर्चा आयोजित होगी, जिसमें किसानों और उद्यमियों को आधुनिक आम उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। 31 मई को सफल आम उत्पादक किसान और उद्यमी अपने अनुभव साझा करेंगे।

प्रवेश और पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क

महोत्सव में प्रवेश और प्रतियोगिताओं के लिए पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। आयोजन स्थल पर आम के पौधे, फल और आम से बने उत्पाद बिक्री के लिए भी उपलब्ध रहेंगे।

Exit mobile version