दिल्ली, 29मई| Delhi AC Blast News: दिल्ली के पॉश इलाके हौज खास में देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब घर में AC की इनडोर यूनिट में अचानक धमाका हो गया। इस विस्फोट के बाद घर में भीषण आग लग गई, जिसमें 80 वर्षीय सेवानिवृत्त IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11:18 बजे R-15 मकान में हुई। हादसे के वक्त घर में कुल पांच लोग मौजूद थे, जिनमें परिवार के सदस्य और घरेलू कर्मचारी शामिल थे। धमाके के बाद पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई और लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन वरिष्ठ अधिकारी धुएं में फंस गए।
दमकल विभाग और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग लगने की वजह AC की इनडोर यूनिट में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और किसी साजिश से इनकार किया गया है।
धनेंद्र कुमार का प्रशासनिक करियर बेहद लंबा और प्रतिष्ठित रहा। उन्होंने केंद्र और हरियाणा सरकार में कई अहम पदों पर काम किया, जिनमें रक्षा मंत्रालय, सड़क परिवहन मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय के सचिव पद शामिल हैं। वे वर्ल्ड बैंक और प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) जैसी संस्थाओं से भी जुड़े रहे।

