रायपुर, 28 मई। Culinary Arts : होटल मैनेजमेंट, फूड स्टार्टअप, बेकरी और होम किचन बिजनेस में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (IHM), नया रायपुर 8 जून से 16 जून 2026 तक “समर कलिनरी बूटकैंप-2026” आयोजित करने जा रहा है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों, होम शेफ्स, फूड एंथूज़ियास्ट्स और उभरते शेफ्स को आधुनिक पाक कला और बेवरेज क्राफ्टिंग की व्यावहारिक ट्रेनिंग प्रदान करेगा। सभी सत्र अनुभवी शेफ्स और हॉस्पिटैलिटी विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में पूरी तरह प्रैक्टिकल आधारित होंगे तथा प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
हर दिन मिलेगा नया फ्लेवर और नई तकनीक सीखने का मौका
बूटकैंप के तहत 8 जून को हेल्दी कुकीज़, 9 जून को चॉकलेट बेकिंग, 10 जून को कपकेक्स एवं मफिन्स, 11 जून को फ्रेश पास्ता प्रिपरेशन, 12 जून को मैक्सिकन क्यूज़ीन, 15 जून को इंडियन स्ट्रीट फूड और 16 जून को मॉकटेल्स एवं बेवरेज क्राफ्टिंग की प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रतिभागियों को मल्टीग्रेन कुकीज़, रेड वेलवेट कपकेक्स, हैंडमेड पास्ता, टैकोस, काठी रोल्स, शावरमा, स्मूदीज़ और क्लासिक मॉकटेल्स जैसी कई लोकप्रिय रेसिपी तैयार करना सिखाया जाएगा।
करियर और बिजनेस स्किल्स को मिलेगा बढ़ावा
यह बूटकैंप केवल खाना बनाना सिखाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रतिभागियों को फूड प्रेजेंटेशन, प्रोफेशनल किचन मैनेजमेंट और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री की व्यावसायिक समझ भी विकसित करने का अवसर देगा। यह प्रशिक्षण भविष्य में फूड बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए उपयोगी साबित होगा।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए अलग-अलग सत्रों के अनुसार शुल्क निर्धारित किया गया है। इच्छुक प्रतिभागी IHM रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 94395-95155 और 96197-26323 पर संपर्क किया जा सकता है।

