रायपुर, 28मई। Raipur Sadak Hadsa: राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक को हिरासत में ले लिया है। आरोपी ने हादसे के बाद टैंकर की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट पर पेंट कर नंबर मिटा दिया था, लेकिन पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी और वाहन तक पहुंच बनाई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि भी पुलिस अधिकारियों ने कर दी है।
बुधवार को विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू स्थित शासकीय स्कूल के पास महावीर शर्मा पैदल ट्यूशन जाने निकला था। उसके कंधे पर स्कूल बैग टंगा हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार पानी टैंकर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि टैंकर का पहिया चढ़ने के बाद भी बच्चा कुछ सेकेंड के लिए उठकर खड़ा हुआ, लेकिन फिर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को इलाज के लिए पास के इत्सा अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए CCTV फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की आरोपी CCTV कैमरे में भागते हुए भी दिखाई दिया था।
इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध टैंकर को बरामद कर आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मृतक महावीर के परिजनों को भी थाना बुलाया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

