Site icon AB News.Press

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर…29 मई से बदल सकता है मौसम

People in Chhattisgarh may face intense heat and heatwave conditions for the next two days. The Meteorological Department has issued a heatwave alert for several areas of central

in Chhattisgarh

छत्तीसगढ़, 28मई| छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। हालांकि 29 मई से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं, जिससे कुछ जिलों में आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश का सबसे गर्म जिला दुर्ग रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हीटवेव के बीच बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश और आंधी की गतिविधियों से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

राजधानी रायपुर में गुरुवार को भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तेज गर्म हवाओं के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

वन्यजीवों पर भी गर्मी की मार

भीषण गर्मी का असर वन्यजीवों पर भी दिखाई देने लगा है। खैरागढ़ जिले के जंगलों में लू के कारण मोर, सिवेट समेत कई वन्यजीवों की मौत की खबर सामने आई है। वहीं कांकेर जिले में हीटवेव के चलते सैकड़ों चमगादड़ों के मरने की जानकारी मिली है।

इस बीच रायपुर  में बुधवार शाम अचानक आई आंधी के कारण देवपुरी इलाके में बिजली का पोल गिर गया, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।

किसानों के लिए एडवाइजरी जारी

मौसम विभाग और कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए विशेष सलाह जारी की है। किसानों से रबी मक्का, केला और पपीता की फसलों में हल्की सिंचाई करने को कहा गया है, ताकि तेज गर्मी से फसल को नुकसान न पहुंचे।

इसके अलावा गेहूं और चना की कटाई जल्द पूरी करने तथा उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की अपील की है।

Exit mobile version