रायपुर, 28मई। रायपुर नगर निगम के ज़ोन-10 में भारतीय जनता पार्टी के भीतर आंतरिक विवाद सामने आया है। 6 पार्षदों ने अपने ही ज़ोन अध्यक्ष सचिन मेघानी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है।
पार्षदों ने इस संबंध में महापौर मीनल चौबे और पार्टी नेतृत्व को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि ज़ोन अध्यक्ष सचिन मेघानी द्वारा दूसरे वार्डों के मामलों में हस्तक्षेप किया जा रहा है। साथ ही अवैध निर्माण को संरक्षण देने और निगम अधिकारियों पर कार्रवाई रोकने के लिए दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे ज़ोन कार्यालय में तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, बोरियाकला क्षेत्र में एक कथित अवैध अस्पताल पर नगर निगम की कार्रवाई को रोकने को लेकर विवाद और अधिक बढ़ गया, जिसके बाद पार्टी नेताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच करीब दो घंटे तक बंद कमरे में बैठक भी हुई।
विवाद के बीच एक और राजनीतिक पहलू यह भी चर्चा में है कि सचिन मेघानी को भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल का करीबी माना जाता है, जिससे मामला पार्टी के भीतर राजनीतिक रूप से और अधिक संवेदनशील हो गया है।
इस पूरे मामले पर महापौर मीनल चौबे ने कहा है कि उन्हें पार्षदों का शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है और उस पर उचित विचार किया जाएगा। वहीं, ज़ोन अध्यक्ष सचिन मेघानी ने अपनी सफाई में कहा कि उन्हें अभी तक इस शिकायत की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी संगठन और महापौर से चर्चा करेंगे तथा संगठन द्वारा जो भी स्पष्टीकरण मांगा जाएगा, वह देने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी पार्षद एक परिवार की तरह हैं और कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

