रायपुर, 27मई। उत्तर रायपुर विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन कर 10 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सहदेव मालिक को ओडिशा के पुरी जिले से पकड़ा गया और रायपुर पुलिस की टीम उसे लेकर शहर वापस पहुंच चुकी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने बेहद शातिर तरीके से ठगी को अंजाम दिया। उसने खुद को जंगल में फंसा हुआ बताकर विधायक को फोन किया और डीजल खत्म होने व गाड़ी खराब होने का बहाना बनाकर तत्काल मदद के नाम पर 10 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
आरोपी ने लोगों को भरोसे में लेने के लिए सोशल मीडिया और ट्रूकॉलर पर खुद को प्रभावशाली दिखाने की कोशिश की थी। उसने बड़े नेताओं की तस्वीरें प्रोफाइल में लगाई थीं और उड़िया भाषा में बात कर विधायक का विश्वास जीत लिया।
ठगी का एहसास होने के बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद रायपुर पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को ओडिशा के अस्तरंग थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरीके से और कितने लोगों को निशाना बनाया है। शुरुआती संकेतों के मुताबिक यह एक संगठित साइबर फ्रॉड नेटवर्क का हिस्सा भी हो सकता है।

