Site icon AB News.Press

विश्रामपुर में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन…भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव एक साथ नजर आए

An interesting political scene emerged during the Congress protest in Vishrampur, Surajpur district, Chhattisgarh. Former Chief Minister Bhupesh Baghel and former Deputy Chief Minister TS Singhdev were seen together.

Congress in Vishrampur

सूरजपुर, 27मई| छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के विश्रामपुर में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक दिलचस्प राजनीतिक तस्वीर सामने आई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेलऔर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव एक साथ नजर आए। खास बात यह रही कि दोनों नेता धरना स्थल से नगर पंचायत शिवनंदपुर की चुनावी सभा तक एक ही कार में पहुंचे, जहां वाहन की स्टेयरिंग टीएस सिंहदेव ने संभाली, जबकि भूपेश बघेल उनके बगल की सीट पर बैठे दिखाई दिए। इस दृश्य को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

“हम हमेशा साथ हैं” – टीएस सिंहदेव

मीडिया से बातचीत में टीएस सिंहदेव ने कहा कि वे और भूपेश बघेल हमेशा साथ हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यस्त राजनीतिक जिम्मेदारियों के कारण हर समय साथ रहना संभव नहीं होता, लेकिन दोनों नेताओं के बीच लगातार संवाद बना रहता है।

FIR के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस नेता नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज FIR के विरोध में आयोजित किया गया था। भाजपा जिलाध्यक्ष की शिकायत पर नरेंद्र जैन के खिलाफ धमकी, गाली-गलौज और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव में उठाया गया कदम बताया है।

भूपेश बघेल का सरकार पर हमला

धरना स्थल पर पहुंचे भूपेश बघेल ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि थाना प्रभारी से गलती हुई है तो कार्रवाई हो सकती है, लेकिन सरकार ऐसा करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। उन्होंने संकेत दिया कि इस मुद्दे को लेकर पूरे संभाग और प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा।

दीपक बैज ने लगाए आरोप

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी पुलिस प्रशासन पर सत्ता के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिना उचित जांच के आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराएं लगाना गलत है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि धाराएं वापस नहीं ली गईं तो आंदोलन जारी रहेगा।

रातभर चला धरना

कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता सोमवार देर रात तक विश्रामपुर थाने के सामने धरने पर डटे रहे। प्रदर्शन में कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। पार्टी का आरोप है कि नगर पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के लिए यह मामला दर्ज किया गया है।

जांच के लिए समिति गठित

कांग्रेस ने पूरे मामले की जांच के लिए सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। पार्टी ने FIR वापस लेने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version