दुर्ग, 27मई| दुर्ग जिले में प्रस्तावित एक “फेक मैरिज पार्टी” को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। करंजा, भिलाई स्थित कोशी रिसॉर्ट में 30 मई को आयोजित होने वाली इस पार्टी की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में विरोध तेज हो गया।
जानकारी के अनुसार, जैसे ही इस आयोजन की सूचना स्थानीय ग्रामीणों और हिंदूवादी संगठनों तक पहुँची, उन्होंने इसे हिंदू धार्मिक भावनाओं के खिलाफ बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई। इसके बाद मंगलवार को हिंदू युवा मंच के कार्यकर्ताओं ने जेवरा सिरसा पुलिस चौकी पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और कार्यक्रम पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
हिंदू युवा मंच, भिलाई नगर के संयोजक अमिताभ वर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से इस कार्यक्रम की जानकारी मिली थी। उनका आरोप है कि इस तरह के आयोजन धार्मिक परंपराओं और संस्कारों के खिलाफ हैं और इससे समाज की भावनाएं आहत होती हैं।
विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोशी रिसॉर्ट के मैनेजर ब्रह्मदत्त पांडेय के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया।
वहीं, पूरे मामले पर रिसॉर्ट संचालक की प्रतिक्रिया जानने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आयोजन से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
