Knife Attack : रायपुर में आधी रात ‘बम’ से दहशत…! घर के बाहर धमाके…चाकू लहराकर दी जान से मारने की धमकी…6 आरोपी गिरफ्तार

Knife Attack
रायपुर, 26 मई। Knife Attack : रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में देर रात घर के बाहर तेज धमाके वाले पटाखे फेंककर दहशत फैलाने और चाकू दिखाकर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 4 बालिग युवकों, 1 नाबालिग लड़के और 1 नाबालिग लड़की समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होने का भी खुलासा किया है।
पुलिस के मुताबिक घटना 24 मई की रात करीब 1 बजे की है, जब वीर सावरकर नगर निवासी रिंकु तिवारी के घर कुछ युवक पहुंचे और घर के बाहर तेज आवाज वाले बम जैसे पटाखे फेंकने लगे। अचानक हुए धमाकों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार चाकू लहराते हुए परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद रायपुर पुलिस की कबीर नगर थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की और घेराबंदी कर सभी को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू पटेल, आकाश पासवान, सूरज सिंह और शेख कलीम के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग लड़का और एक नाबालिग लड़की भी वारदात में शामिल पाए गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
