Site icon AB News.Press

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बड़ा फैसला…किसानों को नहीं होगी ईंधन की कमी

Chief Minister Vishnu Dev Sai has taken a major decision in the interest of farmers, keeping in mind the upcoming Kharif season. After reviewing the availability of

Chief Minister Vishnu Dev Sai

रायपुर, 26मई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों के हित में बड़ा निर्णय लिया है। राज्य में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता की समीक्षा के बाद उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खेती-किसानी के कार्यों के लिए किसानों को आवश्यकतानुसार डीजल की सुगम और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि जुताई, बोवाई और सिंचाई जैसे कार्य प्रभावित न हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और खरीफ सीजन की तैयारियों में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने खाद्य विभाग, जिला प्रशासन और ऑयल कंपनियों को समन्वय के साथ काम करते हुए किसानों को समय पर ईंधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

खाद्य विभाग द्वारा 22 मई 2026 को जारी आदेश के तहत पेट्रोल-डीजल के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रदेश के 2516 पेट्रोल पंपों से ड्रम और जरीकेन में ईंधन देने पर प्रतिबंध लगाया गया था। हालांकि किसानों की जरूरतों को देखते हुए खरीफ सीजन के दौरान इसमें आवश्यक छूट प्रदान की गई है, ताकि कृषि कार्य बाधित न हों।

खाद्य सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने जानकारी दी कि राज्य में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान में 4.03 करोड़ लीटर पेट्रोल और 5.55 करोड़ लीटर डीजल का भंडार मौजूद है। इसके अलावा 24 मई 2026 को राज्य को 23.33 लाख लीटर पेट्रोल और 62.40 लाख लीटर डीजल की अतिरिक्त आपूर्ति भी प्राप्त हुई है।

सरकार ने आश्वस्त किया है कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को ईंधन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और जिला प्रशासन तथा संबंधित एजेंसियों को सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

Exit mobile version