अंबिकापुर, 26मई| शहर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर के बाहर मंगलवार को विद्युत ट्रान्सफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्हें दूर से भी देखा जा सकता था। हालांकि अस्पताल स्टाफ की सूझबूझ और तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। अचानक ट्रांसफार्मर से उठी चिंगारियों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। चूंकि यह अस्पताल का मुख्य बाहरी हिस्सा है, इसलिए आग लगते ही वहां मौजूद मरीजों के परिजनों और राहगीरों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल का स्टाफ तुरंत सक्रिय हो गया। फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ ही कर्मचारियों ने खुद मोर्चा संभाल लिया। अस्पताल परिसर में रखे करीब पांच अग्निशमन सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही स्टाफ ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
आग लगने और राहत कार्य के दौरान अस्पताल के बाहर की सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और बिजली विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है।

