Site icon AB News.Press

पन्ना में बड़ा हादसा…कुएं की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से 5 मजदूरों की मौत

A tragic accident occurred on Tuesday in Nayapurwa village of Biharpurwa village in the Ajaygarh district of Panna district in Madhya Pradesh. Five laborers died when the soil suddenly caved in while they

Major accident in Panna

मध्यप्रदेश, 26मई| मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ जनपद अंतर्गत ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में निर्माणाधीन कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से पांच मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर सुरक्षित बाहर निकल आए।

जानकारी के अनुसार, बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले करीब 10 दिनों से सात मजदूर कुएं की खुदाई कर रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आए थे, तभी अचानक कुएं की मिट्टी भरभराकर धंस गई और अंदर काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।

हादसे में दबे मजदूरों के नाम चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव और चुनवाद पाल बताए जा रहे हैं। रेस्क्यू अभियान के दौरान राजकुमार यादव का शव बाहर निकाल लिया गया। बाद में प्रशासन ने पांच लोगों की मौत की पुष्टि की।

पन्ना जिले के जनसंपर्क अधिकारी ने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि अजयगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत बीहरपुरवा के नयापुरवा में निर्माणाधीन कुएं की मिट्टी धंसने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में पांच व्यक्तियों की मृत्यु हुई है, जबकि दो लोग सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रहा। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस स्थान पर कुएं की खुदाई हो रही थी वहां की मिट्टी काफी भुरभुरी और कमजोर थी। तकनीकी दृष्टि से ऐसे स्थान पर गहरी खुदाई करना जोखिम भरा माना जाता है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह बड़ा हादसा हुआ।

Exit mobile version