नई दिल्ली, 26मई| छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने दो दिवसीय दिल्ली दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक मुद्दों के साथ-साथ राज्य के विकास कार्यों को और अधिक गति देने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय बताया कि बातचीत के दौरान प्रदेश में विकास कार्यों को तेज करने, गरीबों के कल्याण, किसानों के हितों की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और मातृशक्ति से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। यह मुलाकात राज्य में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा और भविष्य की रणनीति तय करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बता दे कि नितिन नवीन वर्ष 2021 से 2024 के बीच छत्तीसगढ़ में सह-प्रभारी के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे। इसके बाद पार्टी ने उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ का प्रभारी नियुक्त किया।
संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उन्होंने जुलाई 2024 से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष पद तक के सफर के दौरान भी छत्तीसगढ़ में राज्य प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने में अहम योगदान दिया।

