छत्तीसगढ़, 25मई| आज से नौतपा की शुरुआत हो गई है। आने वाले 9 दिनों तक तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। हर साल सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही नौतपा शुरू माना जाता है। इस बार नौतपा 2 जून तक प्रभावी रहेगा।
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार नौतपा के दौरान सूर्य की किरणें सबसे अधिक तीखी होती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है। दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है और लोग सुबह-शाम ही जरूरी काम निपटाने की कोशिश करते हैं। कई क्षेत्रों में तापमान 33 डिग्री से 55 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
इन दिनों में क्या करें
भीषण गर्मी से बचने के लिए शरीर को ठंडा रखना बेहद जरूरी है।
दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें
धूप में निकलते समय सिर ढककर रखें
छाछ, लस्सी, नींबू पानी, खीरा और तरबूज का सेवन करें
दोपहर में बेवजह बाहर निकलने से बचें
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
जलदान और सेवा का महत्व
नौतपा के दौरान जलदान को भी विशेष महत्व दिया जाता है। लोग जगह-जगह प्याऊ लगवाते हैं, जरूरतमंदों को पानी पिलाते हैं और मिट्टी के घड़े दान करते हैं। साथ ही पशु-पक्षियों के लिए छत या बालकनी में पानी रखना भी पुण्य का कार्य माना जाता है।

