Site icon AB News.Press

कर्नाटक में बड़ा हादसा…सीपियां इकट्ठा करने गए एक ही परिवार के 8 लोगों की नदी में डूबकर मौत

Eight members of a family drowned in a river in Karnataka's Uttara Kannada district on Sunday

in karnataka

कर्नाटक, 25मई| कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के आठ लोगों की नदी में डूबने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसा थट्टे हक्कलू नदी में उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य पारंपरिक रूप से सीपियां इकट्ठा करने नदी में उतरे थे। मृतकों में सात महिलाएं शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, भटकल तालुक के शिराली गांव के करीब 14 लोग नदी में सीपियां इकट्ठा करने गए थे। इसी दौरान कुछ लोग पानी के गहरे हिस्से में चले गए और तेज बहाव में फंस गए। बताया जा रहा है कि पहले एक-दो लोग धारा में बहने लगे, जिन्हें बचाने के प्रयास में अन्य लोग भी नदी में कूद पड़े और देखते ही देखते कई लोग तेज धारा की चपेट में आ गए।

अब तक आठ शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो लोगों की तलाश जारी है। बचाव अभियान में पुलिस, राहत दल और स्थानीय ग्रामीण जुटे हुए हैं। हादसे में दो महिलाओं नागरत्ना और महादेवी को सुरक्षित बचा लिया गया, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान उमेश मंजूनाथ नाइक (40), लक्ष्मी महादेव नाइक (42), लक्ष्मी जट्टप्पा नाइक (30), लक्ष्मी अप्पन्ना नाइक (60), लक्ष्मी शिवराम नाइक (49), ज्योति मस्तम्मा नाइक (34), मालती नाइक (38) और मस्तम्मा नाइक (60) के रूप में हुई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी घटना को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिवारों को राज्य सरकार की ओर से 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि लापता लोगों की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया है।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ गया था, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।

Exit mobile version