बिलासपुर, 25मई| कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने सोमवार को बिलासपुर जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में तिफरा स्थित बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। भीषण गर्मी के बीच घंटों तक बिजली बंद रहने से नाराज कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार एवं बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लगातार बिजली गुल रहने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लोगों को रातभर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा दिक्कत झेल रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मेंटेनेंस के नाम पर बार-बार बिजली कटौती की जा रही है, लेकिन व्यवस्था सुधारने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग में पर्याप्त स्टाफ की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि कर्मचारियों की कमी के कारण शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
इस दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव शिल्पी तिवारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सूर्य घर योजना के नाम पर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की परेशानियों की चिंता नहीं है।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

