Site icon AB News.Press

Seva Setu पोर्टल बना डिजिटल सुशासन की नई पहचान…86 से बढ़कर 441 सेवाएं ऑनलाइन

The Seva Setu Portal Becomes the New Hallmark of Digital Good Governance... Online Services Rise from 86 to 441.

Seva Setu

रायपुर, 23 मई। छत्तीसगढ़ शासन प्रशासनिक सेवाओं को सरल, पारदर्शी और जनसुलभ बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में “सेवा सेतु” पोर्टल प्रदेश में डिजिटल सुशासन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। अब नागरिकों को 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पहले ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर केवल 86 सेवाएं उपलब्ध थीं, जिन्हें अब उन्नत कर “सेवा सेतु” पोर्टल के रूप में विकसित किया गया है। इससे विभिन्न विभागों की सेवाएं अब ऑनलाइन, समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुंच रही हैं।

एक ही पोर्टल पर मिलेंगी कई सुविधाएं

पोर्टल के माध्यम से आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भू-अभिलेख, नाम संशोधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और श्रम-राजस्व विभाग की सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। अब नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा बड़ा फायदा

ग्राम पंचायत स्तर पर भी विवाह प्रमाण पत्र, भवन अनुज्ञा, स्ट्रीट लाइट परिवर्तन, साफ-सफाई संबंधी आवेदन और नाम परिवर्तन जैसी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे ग्रामीण नागरिकों का समय और खर्च दोनों बचेंगे।

व्हाट्सएप से भी जुड़ा पोर्टल

WhatsApp से जुड़ने के बाद अब नागरिक घर बैठे आवेदन और सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। पंचायत सचिवों और सेवा सेतु केंद्र संचालकों को इसके लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा

ऑनलाइन आवेदन और ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनी है। राज्य शासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे “सेवा सेतु” पोर्टल का अधिकाधिक उपयोग कर डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाएं।

Exit mobile version