नई दिल्ली, 23मई| पीएम मोदी आज को 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के अपॉइंटमेंट लेटर वितरित करेंगे। यह 19वां रोजगार मेला सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री चयनित युवाओं से संवाद भी करेंगे।
सरकार के अनुसार, रोजगार मेला युवाओं को सरकारी नौकरियों से जोड़ने की एक बड़ी पहल है। अब तक 18 रोजगार मेलों के जरिए लगभग 12 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
इस बार रोजगार मेला देश के 47 शहरों में आयोजित होगा। चयनित उम्मीदवारों को रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग, वित्तीय सेवाएं और उच्च शिक्षा सहित विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्तियां मिलेंगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और उन्हें सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिल रहा है।
यह अभियान अक्टूबर 2022 में शुरू हुआ था। नरेन्द्र मोदी ने 22 अक्टूबर 2022 को पहले चरण की शुरुआत करते हुए कहा था कि सरकार का लक्ष्य 2023 के अंत तक 10 लाख सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराना है।
लोकसभा चुनाव से पहले 12 फरवरी 2024 को आयोजित 12वें रोजगार मेले में सबसे अधिक 1 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए गए थे। वहीं 2025 में कुल 11 लाख नियुक्ति पत्रों का आंकड़ा पार किया गया।

