शांक्सी, 23मई| चीन के उत्तरी हिस्से में स्थित शांक्सी प्रांत की एक कोयला खदान में हुए भीषण गैस धमाके में कम से कम 90 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई, जबकि 38 मजदूर अब भी जमीन के नीचे फंसे हुए हैं। हादसे के बाद बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक, यह विस्फोट शुक्रवार रात चांगझी शहर की ल्यूशेन्यू कोयला खदान में हुआ। उस समय खदान के अंदर करीब 250 मजदूर काम कर रहे थे। धमाका स्थानीय समयानुसार शाम करीब 7:30 बजे हुआ।
विस्फोट के बाद खदान में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का स्तर बेहद खतरनाक पाया गया। यह जहरीली गैस बिना गंध के तेजी से लोगों की जान ले सकती है। सुबह तक कई मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दर्जनों लोग अब भी अंदर फंसे हुए हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रेस्क्यू टीम लगातार अंदर फंसे मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। मौके पर मेडिकल टीमों और आपदा राहत बल को तैनात किया गया है।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए घायलों के बेहतर इलाज और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस घटना से सबक लेते हुए खदानों में सुरक्षा मानकों को और सख्त बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

