Site icon AB News.Press

Tiger Attack : तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं महिलाएं…! घात लगाए बाघ ने किया हमला…सभी की दर्दनाक मौत

Tiger Attack: Women had gone to gather Tendu leaves...! A lurking tiger ambushed them... All met a gruesome death.

Tiger Attack

चंद्रपुर/महाराष्ट्र, 22 मई। Tiger Attack : चंद्रपुर जिले से इंसान और वन्यजीव संघर्ष की एक बेहद दर्दनाक और खौफनाक घटना सामने आई है। जिले की सिंदेवाही तहसील के गुंजेवाही इलाके में शुक्रवार सुबह जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई चार महिलाओं पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में चारों महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह चंद्रपुर के इतिहास की सबसे भयावह घटनाओं में से एक है, जहां एक साथ बाघ के हमले में चार लोगों की जान चली गई।

तेंदूपत्ता तोड़ते समय झाड़ियों से निकला बाघ

जानकारी के मुताबिक, गुंजेवाही गांव की महिलाएं रोज की तरह सुबह जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। महिलाएं जान बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती रहीं, लेकिन जंगल के भीतर मदद पहुंचने से पहले ही बाघ ने चारों को बुरी तरह घायल कर मौत के घाट उतार दिया। जंगल में मची चीख-पुकार से इलाके में दहशत फैल गई।

गांव में मातम, वन विभाग के खिलाफ फूटा गुस्सा

घटना की खबर गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया। मौके पर स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम भारी सुरक्षा बल के साथ पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का आरोप है कि चंद्रपुर जिले में लगातार बाघ और तेंदुओं के हमले बढ़ रहे हैं, लेकिन वन विभाग वन्यजीवों को आबादी वाले इलाकों से दूर रखने में नाकाम साबित हो रहा है।

इलाके में दहशत, जंगल जाने से डर रहे लोग

लगातार हो रहे हमलों के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग अब जंगल में तेंदूपत्ता और लकड़ी लेने जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से बाघ को जल्द पकड़ने और इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
Exit mobile version