रायपुर, 22मई। छत्तीसगढ़ में बढ़ती भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति की अनियमितता ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर सहित कई इलाकों में दिनभर बार-बार हो रही बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी के चलते लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है, वहीं बिजली की आंख-मिचौली ने स्थिति और कठिन बना दी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय तक बिजली गुल रहने से पानी की आपूर्ति, घरेलू कामकाज और व्यवसायिक गतिविधियाँ बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।
इसी मुद्दे को लेकर आज राजधानी रायपुर में राजनीतिक माहौल भी गरमा गया। बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के मुख्यालय के सामने पहुंचकर अपनी नाराज़गी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार और विभाग की लापरवाही के कारण आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि बिजली आपूर्ति को तुरंत सुचारु किया जाए और गर्मी के इस मौसम में निर्बाध बिजली सुनिश्चित की जाए। वहीं प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने और व्यवस्था सुधारने के प्रयासों की बात कही जा रही है।

