रायपुर, 22मई। कचना रेलवे ओवरब्रिज के लोकार्पण कार्यक्रम के चलते आज शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक खम्हारडीह और कचना मार्ग पर यातायात व्यवस्था में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। इस दौरान दोनों ओर आने-जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, अनुपम नगर से खम्हारडीह होते हुए कचना की ओर जाने वाले वाहन अब श्रीराम नगर ओवरब्रिज, अशोक रतन, बीएसएनएल कार्यालय और कचना रेलवे फाटक मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
वहीं, कचना से खम्हारडीह की ओर आने वाले वाहन कचना रेलवे फाटक से पहले दाहिने मुड़कर बीएसएनएल कार्यालय, अशोक रतन और श्रीराम नगर ओवरब्रिज होते हुए अनुपम नगर चौक की ओर जा सकेंगे।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अनुपम नगर चौक से अशोक रतन मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है, इसलिए इस मार्ग का उपयोग केवल आवश्यक होने पर ही करें। साथ ही लोगों से अनुरोध किया गया है कि यदि जरूरी काम न हो तो वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल मौके पर तैनात रहेगा ताकि यातायात सुचारु बना रहे और किसी प्रकार की असुविधा न हो।

