जयपुर, 21मई| जयपुर में NEET पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को सियासी माहौल गर्म हो गया जब राजस्थान की राजधानी में कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया इस प्रदर्शन का नेतृत्व राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने किया।
कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से पैदल मार्च करते हुए शहीद स्मारक के रास्ते बीजेपी कार्यालय की ओर बढ़े। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
मार्च के दौरान कई जगह बैरिकेडिंग लगाई गई थी लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश करते दिखे इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल रहीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी की और NEET का पेपर कहां मिलेगा जैसे नारे लगाए।
कांग्रेस नेताओं ने NEET परीक्षा आयोजित करने वाली संस्था नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर गंभीर सवाल उठाए। डोटासरा ने NTA को भंग करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और केवल CBI जांच पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे मामले की जांच न्यायालय की निगरानी में होनी चाहिए।
इससे पहले बुधवार को भी पूरे राजस्थान में कांग्रेस ने इसी मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किए थे वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी।
इधर, दूसरी ओर बीजेपी कार्यकर्ता भी कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करते नजर आए, जिससे प्रशासन ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी ताकि दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति न बने।
प्रदर्शन के दौरान शाहपुरा विधायक मनीष यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

